जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र में चुनाव के दौरान और उसके बाद किए गए विकास संबंधी वादों के धरातल पर न उतरने से आमजन में रोष बढ़ने लगा है। क्षेत्रीय जन का कहना है कि चार वर्ष बीत जाने के बाद भी अपेक्षित स्तर पर काम धरातल पर दिखाई नहीं दे रहा है। लोगों का कहना है कि जिन परियोजनाओं को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण बताया गया था, उनमें अपेक्षित गति नहीं दिखी है।
सरकार के चार वर्ष पूर्ण हुए व राजनेता आगामी चुनावों की तैयारियों में जुट गए हैं। इन तैयारियों के बीच आमजन भी अपने विधायक के चार सालों के कार्यों का आंकलन करने लगे हैं। बात चौबट्टाखाल विस की करें तो स्थानीय लोगों का कहना है कि चुनाव प्रचार के समय क्षेत्र में सड़क, पर्यटन, रोजगार, स्वास्थ्य, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को लेकर कई घोषणाएं की गई थीं। चुनाव जीतने के बाद भी विभिन्न जनसभाओं व कार्यक्रमों में क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता देने की बात कही गई थी। इन घोषणाओं से लोगों को क्षेत्र में बड़े बदलाव की उम्मीद थी। लेकिन, अब तक कई योजनाओं की प्रगति स्पष्ट रूप से नजर नहीं आ रही है। ग्रामीणों ने विशेष रूप से पाटीसैंण क्षेत्र के निकट नयार घाटी क्षेत्र में प्रस्तावित विकास कार्यों व अन्य सार्वजनिक घोषणाओं का भी उल्लेख किया। क्षेत्र के कुछ सामाजिक कार्यकर्ताओं व स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते विकास कार्यों को गति नहीं दी गई तो लोगों का भरोसा प्रभावित हो सकता है। उनका कहना है कि क्षेत्र में पलायन, रोजगार और आधारभूत सुविधाओं की समस्याएं पहले से बनी हुई हैं और इन पर ठोस कार्य की आवश्यकता है। उधर, कई लोगों ने यह भी कहा कि सरकार और जनप्रतिनिधियों को अब आगामी समय में घोषणाओं के बजाय कार्यों की प्रगति जनता के सामने रखनी चाहिए, ताकि विकास को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सके। हालांकि, इस संबंध में जनप्रतिनिधियों का पक्ष सामने आने पर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।