जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए उत्तराखंड परिवहन निगम ने कोटद्वार से गोपेश्वर और ऋषिकेश के लिए नई बस सेवाओं का संचालन शुरू कर दिया है। नई सेवाओं के शुरू होने से आम यात्रियों के साथ-साथ छात्रों, कर्मचारियों, व्यापारियों, पर्यटकों एवं मरीजों को विशेष सुविधा मिलेगी।
मंगलवार को उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने हरी झंडी दिखाकर दोनों बस सेवाओं को रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जनता को बेहतर एवं सुलभ परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि कोटद्वार से ऋषिकेश स्थित एम्स तक सीधी बस सेवा की मांग लंबे समय से की जा रही थी, जिसे अब पूरा कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि नई बस सेवा शुरू होने से एम्स ऋषिकेश आने-जाने वाले मरीजों और उनके परिजनों को काफी राहत मिलेगी। प्रदेश के प्रमुख स्वास्थ्य संस्थानों में शामिल एम्स तक सीधी बस सुविधा उपलब्ध होने से क्षेत्रवासियों का समय और खर्च दोनों बचेंगे। उन्होंने कहा कि कोटद्वार-गोपेश्वर बस सेवा शुरू होने से गढ़वाल मंडल के विभिन्न क्षेत्रों के बीच संपर्क और अधिक मजबूत होगा। इससे रोजगार, शिक्षा, व्यापार और पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। कार्यक्रम में उत्तराखंड परिवहन निगम के अधिकारियों के साथ भाजपा जिलाध्यक्ष राज गौरव नौटियाल, महापौर शैलेन्द्र रावत, मंडल अध्यक्ष विकासदीप मित्तल, विजय नंद पोखरियाल, सतीश गौड़, प्रेमा खंतवाल, आशीष रावत, सुनीता देवी, आदित्य त्रिपाठी, राजेंद्र जेजेडी, प्रमोद केस्टवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।