देवल गांव की घटना पर मानवता मंच ने जताया रोष, सख्त कार्रवाई की मांग

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : मानवता मंच ने जनपद टिहरी के देवल गांव में युवक की हत्या की घटना पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। संगठन ने समाज में जातिगत भेदभाव और नफरत के खिलाफ प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
मंगलवार को संगठन के कार्यकर्ता दीपमोहन के नेतृत्व में तहसील परिसर पहुंचे और उपजिलाधिकारी संदीप कुमार के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया। ज्ञापन में कहा गया कि देवल गांव में हुई नाबालिग युवक की हत्या की घटना बेहद दु:खद और चिंताजनक है तथा इससे समाज में गलत संदेश जाता है। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि घटना के पीछे सामाजिक या जातिगत भेदभाव की भूमिका रही है तो इसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में कानून का सख्ती से पालन होना चाहिए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। मानवता मंच ने कहा कि समाज में समानता, भाईचारे और आपसी सौहार्द को बढ़ावा देने की आवश्यकता है। जाति, धर्म और सामाजिक भेदभाव से ऊपर उठकर सभी नागरिकों को समान अधिकार और सम्मान मिलना चाहिए। ज्ञापन सौंपने वालों में दीपमोहन, मनोज, कमला धस्माना, दिनेश और राजू सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *