जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : नागरिक मंच ने शहर में कानून व्यवस्था को लेकर गंभीरता दिखाने की मांग की है। कहा कि व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए बाहरी लोगों का सत्यापन होना अति आवश्यक है।
इस संबंध में सदस्यों ने अपर पुलिस अधीक्षक मनोज ठाकुर से मुलाकात की। साथ ही उन्हें समस्याओं को लेकर ज्ञापन भी दिया। कहा गया कि पिछले कुछ वर्षों में नगर में बाहरी व्यक्तियों की संख्या तेजी से बढ़ी है, जिससे शांति व्यवस्था, सुरक्षा और अतिक्रमण की समस्या गंभीर होती जा रही है। मंच ने आरोप लगाया कि नगर में नशे का कारोबार खुलेआम हो रहा है और इसकी होम डिलीवरी तक की जा रही है। ज्ञापन में बाहरी व्यावसायियों, श्रमिकों और ठेकेदारों का अनिवार्य सत्यापन कर पहचानपत्र जारी करने, नशे के कारोबार पर पूर्ण रोक लगाने, साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने, अतिक्रमण हटाने तथा बिना नंबर और ओवर स्पीड वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की गई। ज्ञापन सौंपने वालों में मंच अध्यक्ष सीपी नैथानी, महासचिव अतुल भट्ट, हर्षवद्र्धन ध्यानी और आरपी पंत आदि रहे।