जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : सांसद अनिल बलूनी ने पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय को पत्र भेजते हुए कोटद्वार व श्रीनगर नगर निगम क्षेत्र में एक समयावधि में सिलिंडर उपलब्ध करवाने की अपील की है। कहा कि वर्तमान में सिलिंडर डिलीवरी के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में 45 व शहर क्षेत्र के लिए 25 दिन का समय निर्धारित किया गया है। लेकिन, पेट्रो कंपनियों ने कोटद्वार व श्रीनगर नगर निगम क्षेत्रों में कई हिस्सों को आज भी ग्रामीण क्षेत्र में रखा है, जिससे एक ही क्षेत्र में सिलिंडर वितरण के दो मानक लागू हो रहे हैं व आमजन को परेशानी हो रही है।
कुछ दिन पूर्व कोटद्वार पहुंचे सांसद अनिल बलूनी को महापौर शैलेंद्र सिंह रावत ने पत्र दिया था, जिसमें उन्होंने नगर निगम के चालीस वार्डों के लिए गैस वितरण के लिए अलग-अलग नियमों की बात कही। मामले को गंभीरता से लेते हुए सांसद अनिल बलूनी ने इस संबंध में पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी को पत्र भेजा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2018 में नगर निगम का गठन किया गया था। लेकिन, गैस किल्लत के बाद पुराने वार्डों में 25 दिन में सिलिंडर मिल रहा है। जबकि, नए वार्डों में अब भी ग्रामीण क्षेत्र वाला नियम अपनाया जा रहा है। कहा कि इससे लोगों को भी नाराजगी बनी हुई है। यही स्थिति श्रीनगर में भी देखने को मिल रही है। उन्होंने पेट्रोलियम मंत्री से कोटद्वार व श्रीनगर नगर निगम क्षेत्रों में एक समान मानकों के अनुरूप गैस वितरण की व्यवस्था बनाने का आग्रह किया।