पीजी कॉलेज कोटद्वार में विद्यार्थियों को संचार कौशल के साथ व्यक्तित्व विकास के गुर सिखाएं
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : अंग्रेजी भाषा में बेहतर संवाद और आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखने के लिए राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कोटद्वार में कार्यशाला का आयोजन किया गया। वाधवानी फाउंडेशन की ओर से आयोजित कार्यशाला में विद्यार्थियों ने उत्साह पूर्वक प्रतिभाग किया। इस दौरान विद्यार्थियों को अंग्रेजी बोलने के साथ ही जीवन में आगे बढ़ने और रोजगार के बेहतर अवसर हासिल करने के लिए प्रेरित किया गया।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. डीएस नेगी ने कहा कि कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों में अंग्रेजी भाषा के प्रभावी संवाद, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक और वैश्विक परिवेश में अंग्रेजी भाषा में प्रभावी संचार कौशल विद्यार्थियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। केवल विषयगत ज्ञान ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों में अपनी बात को आत्मविश्वास और प्रभावी ढंग से रखने की क्षमता भी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण से विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं, उच्च शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में बेहतर अवसर हासिल करने में मदद मिलेगी। उन्होंने विद्यार्थियों से कार्यशाला में सीखी गई बातों को नियमित अभ्यास के माध्यम से अपने व्यवहार में उतारने का आह्वान किया। वाधवानी फाउंडेशन की ओर से डॉ. पंकज शर्मा (प्रोजेक्ट लीड), धर्मेंद्र सिंह चौहान (एरिया कोऑर्डिनेटर) एवं पवन बलूनी (प्रोजेक्ट मैनेजर) ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से पाठ्यक्रम का अधिकतम लाभ उठाने तथा नियमित अभ्यास से अपने अंग्रेजी संचार कौशल को बेहतर बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय की ओर से डॉ. निशांत भट्ट (नोडल/संयोजक), डॉ. वर्षा सिंह, डॉ. रजनी बाला एवं डॉ. जितेंद्र सिंह मौजूद रहे। वहीं वाधवानी फाउंडेशन स्किल डेवलपमेंट समिति के डॉ. सुरेश कुमार (संयोजक), डॉ. अंशिका बंसल, डॉ. सुनीता नौटियाल, डॉ. जितेंद्र दिवाकर एवं डॉ. ऐश्वर्या राणा ने भी कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।