जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : शहर में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। गुरुवार को पुलिस ने शहर के प्रमुख चौराहों समेत विभिन्न स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया।

इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के चालान किए गए, जबकि नाबालिगों के वाहन चलाने पर दो वाहनों को सीज कर दिया गया। चेकिंग के दौरान पुलिस ने दोपहिया और चारपहिया समेत अन्य वाहनों को रोककर उनके दस्तावेजों की जांच की। बिना हेलमेट वाहन चलाने, आवश्यक दस्तावेज पूरे न रखने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। वहीं, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाए जाने के मामले में पुलिस ने दो वाहनों को सीज किया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप नेगी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए आमजन का यातायात नियमों के प्रति जागरूक होना बेहद जरूरी है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने नाबालिग बच्चों को वाहन की चाबी न दें। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस के साथ ही आमजन को भी अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। यातायात नियमों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।