जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : आगामी त्योहारी सीजन व नवरात्रि को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से बाजार क्षेत्र में अभियान चलाया गया। इस दौरान टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों से कुट्टू के आटे के सैंपल लेकर उन्हें जांच के लिए भेजे।

नवरात्रि के मद्देनजर टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों से कुट्टू के आटे के चार नमूने लिए। सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषणशाला, रूद्रपुर भेजा जा रहा है। निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारियों को उच्च गुणवत्ता वाले कुट्टू के आटे एवं अन्य व्रत सामग्री का ही विक्रय करने के निर्देश दिए गए। साथ ही कुट्टू के आटे की खरीद एवं बिक्री से संबंधित बिल सुरक्षित रखने को कहा गया। खाद्य सुरक्षा विभाग ने व्यापारियों को व्रत सामग्री के विक्रय में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि एक्सपायरी डेट वाले अथवा मिथ्या छाप (भ्रामक लेबलिंग वाले) खाद्य पदार्थों का विक्रय एवं भंडारण न किया जाए। खाद्य पदार्थों का भंडारण निर्धारित एवं उचित तापमान पर करना भी सुनिश्चित करने को कहा गया। विभाग की ओर से उपभोक्ताओं से भी अपील की गई है कि वे व्रत एवं अन्य खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें। खुले एवं अधोमानक खाद्य पदार्थों की खरीद से बचें। पैकबंद खाद्य पदार्थ खरीदते समय लेबल पर अंकित जानकारी, निर्माण एवं उपयोग की अंतिम तिथि आदि की जांच करने के बाद ही खाद्य सामग्री खरीदें। प्रत्येक खरीदारी पर पक्का बिल लेना भी सुनिश्चित करें। खाद्य सुरक्षा विभाग ने कहा कि त्योहारी सीजन के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण और नमूना संग्रहण की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।