देहरादून । पुलिस द्वारा भू-माफियाओं और भूमि से जुड़े संगठित अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत करोड़ों रुपये की जमीन हड़पने की साजिश का खुलासा करते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। कोतवाली पटेलनगर पुलिस ने फरार चल रहे आरोपी राजकमल (53 वर्ष) को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से गिरफ्तार कर लिया है। मामले की मुख्य आरोपी महिला को पुलिस पहले ही जेल भेज चुकी है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, पटेलनगर निवासी राहुल देव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके ममेरे दादा स्वर्गीय केवल कृष्ण ने वर्ष 2009 में वसीयत के माध्यम से अपनी संपत्ति उनके नाम कर दी थी। वर्ष 2016 में उनके निधन के बाद वर्ष 2024 में राजस्व अभिलेखों में संपत्ति उनके नाम दर्ज हो गई।
हालांकि वर्ष 2026 में भूमि की फर्द निकलवाने पर चौंकाने वाला खुलासा हुआ। शिकायतकर्ता के अनुसार, बबीता देवी, राजकमल और मोहम्मद इनाम कुरैशी ने कथित रूप से मृतक के नाम पर वर्ष 2025 का फर्जी पावर ऑफ अटॉर्नी तैयार कराया और मृत व्यक्ति की जगह किसी अन्य व्यक्ति को प्रस्तुत कर कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर करोड़ों रुपये की भूमि पर कब्जा करने और न्यायालय से स्टे हासिल करने का प्रयास किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए 17 अप्रैल 2026 को कोतवाली पटेलनगर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान पुलिस ने रजिस्ट्री कार्यालय, राजस्व विभाग तथा विभिन्न बैंकों से दस्तावेज एकत्र किए, जिनसे आरोपियों के खिलाफ महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले।
इससे पहले पुलिस ने मुख्य आरोपी बबीता देवी को 1 जून 2026 को सहारनपुर से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं फरार आरोपी राजकमल को 31 जुलाई 2026 को मुखबिर की सूचना पर सहारनपुर के जय कॉलोनी क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश लगातार जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।