ममता बनर्जी को एक और झटका, सिर्फ 2 महीने में ही इस मशहूर एक्ट्रेस ने छोड़ी राज्यसभा की कुर्सी; अब सिर्फ 9 सांसद बचे

Spread the love

कोलकाता , पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनकी पार्टी तृणमूल कांग्रेस की मुश्किलें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। तीन राज्यसभा सांसदों के जाने के झटके से ममता बनर्जी अभी उबर भी नहीं पाई थीं कि अब उन्हें चौथा और बड़ा झटका लगा है। मशहूर बंगाली अभिनेत्री और राज्यसभा सांसद कोयल मल्लिक ने उच्च सदन की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उनसे पहले सुखेंदु शेखर रे, सुष्मिता देव और प्रकाश चिक बराइक भी इस्तीफा दे चुके हैं। कोयल मल्लिक राज्यसभा की चौथी सांसद बन गई हैं, जिन्होंने अचानक अपना पद छोड़ दिया है। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उन्होंने टीएमसी की प्राथमिक सदस्यता से भी इस्तीफा दिया है या नहीं।
विधानसभा चुनाव में हार के बाद से लगातार दरक रहा किला
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद से ही ममता बनर्जी को लगातार एक के बाद एक झटके लग रहे हैं। सबसे पहले तीन दर्जन से अधिक विधायकों ने टीएमसी का साथ छोड़कर ममता को राजनीतिक हाशिए पर धकेल दिया था। इसके बाद काकोली घोष दास्तीदार के नेतृत्व में एक दर्जन लोकसभा सांसदों ने भी पार्टी छोड़ने का ऐलान कर दिया। एक समय 13 राज्यसभा सांसदों के दम पर केंद्र सरकार को चुनौती देने वाली ममता बनर्जी के लिए अब राज्यसभा में भी संकट गहरा गया है। उच्च सदन में इस बगावत की शुरुआत 8 जून को सुखेंदु शेखर रे के इस्तीफे के साथ हुई थी और अब नौबत यह आ गई है कि चार सांसद अपना पद छोड़ चुके हैं।
महज 2 महीने पहले ही बड़े अरमानों से ली थी शपथ
ममता बनर्जी अक्सर मशहूर चेहरों को राजनीति में लाने के लिए जानी जाती हैं। इसी रणनीति के तहत उन्होंने बंगाली अभिनेत्री कोयल मल्लिक को इसी साल अप्रैल में राज्यसभा भेजा था। महज दो महीने पहले सांसद पद की शपथ लेने के बाद कोयल मल्लिक बेहद उत्साहित नजर आ रही थीं। उस दौरान मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा था कि यह फैसला उन्होंने बहुत सोच-समझकर लिया है और उनके लिए देश तथा लोगों की सेवा से बढ़कर कुछ नहीं है। इतनी बड़ी जिम्मेदारी और देश सेवा की बात कहने वाली कोयल मल्लिक के अचानक इस्तीफे ने अब कई बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *