कोलकाता, पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की प्रमुख ममता बनर्जी को एक और बड़ा झटका लगा है। गुरुवार को उनकी पार्टी की एक और सांसद कोयल मलिक ने राज्यसभा से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने मार्च में ही निर्विरोध चुनाव जीता था। मलिक को मिलाकर टीएमसी के अब तक 4 राज्यसभा सांसदों ने इस्तीफा दे दिया है। संभावना है कि वह भाजपा में जा सकती हैं।
मार्च में राज्यसभा की 37 सीटों पर चुनाव हुआ था, जिसमें 26 सीटों पर निर्विरोध परिणाम घोषित किए गए थे।
इस दौरान पश्चिम बंगाल की 5 सीटों पर हुए चुनाव में टीएमसी की ओर से बाबुल सुप्रियो, कोयल मल्लिक, राजीव कुमार और वकील मेनका गुरुस्वामी जीतकर राज्यसभा पहुंची थीं। भाजपा की ओर से राहुल सिन्हा ने एक सीट जीती थी। राज्यसभा में अब टीएमसी के पास 9 सांसद बचे हैं।
बंगाल में टीएमसी से राज्यसभा सांसद सुखेंदु शेखर रॉय, सुष्मिता देव और प्रकाश चिक बराइक ने इस्तीफा दिया था। तीनों हाल में भाजपा में शामिल हो गए हैं।
तीनों के इस्तीफा देने से बंगाल में राज्यसभा की 3 सीट खाली हुई थी, जिसे भरने के लिए 24 जुलाई को उपचुनाव है। हालांकि, इन तीनों नेताओं को भाजपा ने राज्यसभा उम्मीदवार बनाया है।
टीएमसी के 20 लोकसभा सांसदों ने भी नेशनलिस्ट सिटीजंस पार्टी ऑफ इंडिया (एनसीपीआई) में अपना विलय किया है।