श्रीनगर गढ़वाल : नगर व्यापार सभा के चुनाव में अध्यक्ष पद पर अनुज जोशी और महासचिव पद पर छवि प्रकाश अग्रवाल ने जीत दर्ज की। जबकि कोषाध्यक्ष पद पर पंकज नेगी निर्विरोध निर्वाचित घोषित हुए। चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और परिणाम घोषित होते ही समर्थकों में उत्साह का माहौल बन गया। शुक्रवार को कल्याणेश्वर महादेव मंदिर परिसर में सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हुआ, जो दोपहर दो बजे तक चला। हल्की बूंदाबांदी के बावजूद व्यापारियों में मतदान को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही मतदान केंद्र पर मतदाताओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। दस बजे के बाद मतदान केंद्र पर व्यापारियों की संख्या और बढ़ गई। व्यापार सभा में कुल 1452 मतदाता हैं। मतदान के लिए दो बूथ बनाए गए थे। चुनाव में कुल 1240 मत पड़े। इनमें 14 मत अवैध पाए गए, जबकि एक मत गायब मिला। अध्यक्ष और महासचिव पद पर दो-दो प्रत्याशी मैदान में थे। अध्यक्ष पद के लिए अनुज जोशी और दिनेश असवाल के बीच सीधा मुकाबला था। मतगणना में अनुज जोशी को 633 और दिनेश असवाल को 593 मत मिले। अनुज जोशी ने 40 मतों के अंतर से जीत हासिल की। वहीं महासचिव पद पर छवि प्रकाश अग्रवाल और सुमन जोशी (बंटी) के बीच मुकाबला हुआ। छवि प्रकाश अग्रवाल को 654 और सुमन जोशी को 571 मत प्राप्त हुए। इस प्रकार छवि प्रकाश अग्रवाल ने 83 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। मतदान के दौरान बाहरी लोगों के प्रवेश को लेकर कुछ समय के लिए हल्की बहस हुई, लेकिन बाद में मामला शांत हो गया और चुनाव प्रक्रिया सुचारु रूप से चलती रही। दोपहर तीन बजे मतगणना शुरू हुई और शाम साढ़े चार बजे परिणाम घोषित कर दिए गए। चुनाव अधिकारी दिनेश प्रसाद भट्ट ने विजयी प्रत्याशियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए। उन्होंने चुनाव को सफलता पूर्वक संपन्न कराने में सहयोग देने वाले सभी व्यापारियों, प्रत्याशियों और चुनाव समिति के सदस्यों का आभार व्यक्त किया। वही चुनाव परिणाम आने के बाद नगर के मुख्य मार्गों मैं विजय जुलूस निकाला गया। (एजेंसी)