ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर मोइसेस हेनरिक्स ने घरेलू क्रिकेट से लिया संन्यास

Spread the love

नईदिल्ली,ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के अनुभवी ऑलराउंडर मोइसेस हेनरिक्स ने घरेलू क्रिकेट से संन्यास का ऐलान किया है। उन्होंने 22 साल लंबे शानदार करियर के बाद ऑस्ट्रेलियाई घरेलू क्रिकेट को अलविदा कह दिया। उन्हें बिग बैश लीग (बीबीएल) में सिडनी सिक्सर्स की ओर से नया अनुबंध नहीं मिल सका था और उन्होंने अब अपने घरेलू करियर पर पूर्ण विराम लगाया। आइए उनके घरेलू क्रिकेट के आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
फरवरी में पीठ की सर्जरी करवाने वाले हेनरिक्स ने सिक्सर्स को बीबीएल 15 के फाइनल तक पहुंचाया और पिछले सीजन में न्यू साउथ वेल्स के वन-डे कप जीतने वाले अभियान के दौरान 5 मैचों में खेले थे।
हेनरिक्स ने कहा, मुझे दूसरी बीबीएल टीमों से भी ऑफर मिले थे, लेकिन कहीं और जाना मुझे सही नहीं लगा। थोड़ा सोचने-विचारने के बाद, मैंने तय किया की जिम्मेदारियों को खत्म करने का समय आ गया है।
हेनरिक्स 3 बार बीबीएल चैंपियन रहे और इस लीग में सबसे ज्यादा 154 मैच खेलने वाले खिलाड़ी हैं।
उन्होंने सिक्सर्स के लिए 142 पारियों में 27.93 की औसत और 128.53 की स्ट्राइक रेट के साथ सबसे ज्यादा 3,410 रन बनाए हैं।
अपने टी-20 करियर में उन्होंने 26.48 की औसत से 5,747 रन और गेंदबाजी में 120 विकेट लिए।
उन्होंने 141 लिस्ट-ए मैचों में 3,812 रन और 131 प्रथम श्रेणी मैचों में 6,830 रन बनाए थे।
हेनरिक्स ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 2009 में अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया था। उन्होंने 4 टेस्ट में 164 रन और 2 विकेट लिए हैं।
इसी तरह 16 वनडे मैचों में 60.93 की स्ट्राइक रेट के साथ 117 रन और दूसरी तरफ 8 विकेट चटकाए हैं।
उन्होंने 24 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 2 अर्धशतकों से 335 रन और गेंदबाजी में 7 विकेट भी लिए हैं।
उन्होंने 2021 में अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच खेला था।
घरेलू क्रिकेट से रिटायर होने के बावजूद, हेनरिक्स क्रिकेट एनएसडब्ल्यू फाउंडेशन के डायरेक्टर के तौर पर काम करते रहेंगे।
वह विदेशी लीग में खेलने के लिए भी उपलब्ध रहेंगे। इसके अलावा, वह अगले महीने होने वाले 2028 टी-20 विश्व कप के यूरोपियन क्वालिफायर में अपने जन्मस्थान, पुर्तगाल का प्रतिनिधित्व करेंगे।
बता दें कि हेनरिक्स का जन्म 01 फरवरी, 1987 को पुर्तगाल के फंचाल (मदीरा) शहर में हुआ था। वह बचपन में ही अपने परिवार के साथ ऑस्ट्रेलिया आ गए थे।
००

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *