त्रिपालीसैण क्षेत्र में एक अतिरिक्त एएनएम की नियुक्ति की उठाई मांग
जयन्त प्रतिनिधि।
थलीसैंण : स्वास्थ्य विभाग पौड़ी द्वारा ब्लॉक प्रमुख थैलीसैंण सुनीता रावत की अध्यक्षता में ब्लॉक सभागार में आयोजित बीडीसी बैठक आयोजित की गई। बैठक में थलीसैंण ब्लॉक में सबसे अधिक गृह प्रसव पर चिंता व्यक्त करते हुए शत प्रतिशत संस्थागत प्रसव बढ़ाए जाने को लेकर जागरूक किया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों को गृह प्रसव के खतरों के बारे में जानकारी प्रदान करने के साथ ही संस्थागत प्रसव हेतु प्रेरित किया।
बैठक में जिला कार्यक्रम प्रबंधक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन राजीव रावत ने थैलीसैंण ब्लॉक में सबसे अधिक गृह प्रसव पर चिंता जताई। उन्होंने जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में क्षेत्र में संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के लिए विभाग द्वारा मातृत्व सुरक्षा एवं शिशु सुरक्षा हेतु चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने जन प्रतिनिधियों से विभागीय योजनाओं का अपने क्षेत्र में व्यापक प्रचार-प्रसार कर गृह प्रसव शून्य करने हेतु सहयोग करने की अपील की। इस मौके पर ग्राम प्रधान घुलेख उत्तम सिंह, कुठखाल भगत सिंह, ग्राम प्रधान रिश्ती सुनीता देवी ने त्रिपालीसैण क्षेत्र के अंतर्गत अतिरिक्त एएनएम की व्यवस्था कर क्षेत्र में नियमित टीकाकरण की समुचित व्यवस्था करवाने की मांग की। उन्होंने कहा कि वर्तमान में इस क्षेत्र में केवल एक ही एएनएम कार्यरत है। क्षेत्र में गर्भवती महिलाओं और बच्चों का समय पर नियमानुसार टीकाकरण हो उसके लिए अतिरिक्त एएनएम की बहुत आवश्यकता है। जनप्रतिनिधियों ने मिजगांव, कुठ और गडोली में आशा कार्यकत्रियों की नियुक्ति की मांग की। इस मौके पर जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक रविकांत उनियाल, मनमोहन देवली, ग्राम प्रधान अनिशा देवी, नीमा देवी आदि मौजूद रहे।