श्रीनगर गढ़वाल : 23 नवंबर से शुरू होने वाले बैकुंठ चतुर्दशी मेले को लेकर आवास विकास मैदान भक्तियाना में तैयारियां जोर पकड़ने लगी हैं। मैदान में झूले, खेल-तमाशे और दुकानों के सजने का सिलसिला शुरू हो गया है। दूर-दराज से दुकानदार और झूला संचालक पहुंचने लगे हैं।

इस बार मेले में मौत का कुआं, क्रॉस झूला, चंदोला, बड़ी नाव, ब्रेक डांस, ड्रैगन, चरखी और बच्चों की ट्रेन समेत कई आकर्षण देखने को मिलेंगे। झूला और खेल-तमाशों के संचालक लखनऊ, सहारनपुर और हरिद्वार से पहुंचे हैं। वहीं स्थानीय उत्पादों की बिक्री के लिए स्टॉल सजने लगे हैं। विभिन्न दुकानदार भी अपनी दुकानें लगाने में जुटे हैं। मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन को लेकर भी तैयारियां की जा रही हैं। मैदान के अलग-अलग हिस्सों में दुकानों, स्टॉलों और मनोरंजन के साधनों को व्यवस्थित किया जा रहा है। नगर निगम की टीम भी मेला स्थल पर व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद करने में जुटी है। (एजेंसी)