बीआईएस मानकों के प्रभावी अनुपालन पर मुख्य सचिव सख्त, विभागों को दिए निर्देश

Spread the love

देहरादून। मुख्य सचिव आनंद बद्र्धन की अध्यक्षता में बुधवार को सचिवालय में भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) से संबंधित राज्य स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य में मानकीकरण, गुणवत्ता प्रबंधन और उपभोक्ता हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि सरकारी प्रोक्योरमेंट प्रक्रिया में निर्धारित नियमों के साथ संबंधित बीआईएस मानकों और गुणवत्ता मानकों का अनिवार्य रूप से प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकारी खरीद में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।
विभागीय अधिकारियों के लिए कार्यशालाओं पर जोर
मुख्य सचिव ने बीआईएस को संबंधित विभागों के साथ कार्यशालाएं आयोजित करने और आवश्यक एडवाइजरी जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों एवं कार्मिकों के लिए नियमित प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण कार्यक्रम आयोजित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि क्वालिटी कंट्रोल ऑर्डर्स के संबंध में विभागीय अधिकारियों, उद्योगों और ट्रेडर्स को पर्याप्त जानकारी उपलब्ध कराई जाए। कार्यशालाओं में बीआईएस के विशेषज्ञ एवं सक्षम रिसोर्स पर्सन शामिल हों, ताकि प्रतिभागियों को मानकों, गुणवत्ता नियंत्रण आदेशों और उनके अनुपालन की प्रक्रिया की व्यावहारिक जानकारी मिल सके।
जिलास्तर पर भी प्रभावी
समन्वय के निर्देश
मुख्य सचिव ने बीआईएस से संबंधित महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश और सूचनाएं सभी संबंधित विभागों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
उन्होंने संबंधित सचिवों के साथ नियमित संवाद और समन्वय सुनिश्चित करने को कहा।उन्होंने बीआईएस द्वारा जिलाधिकारियों के साथ आयोजित की जाने वाली बैठकों में भी प्रभावी प्रस्तुतिकरण किए जाने की बात कही, ताकि जनपद स्तर पर भी गुणवत्ता मानकों और उनके अनुपालन को प्राथमिकता दी जा सके।
बीआईएस केयर ऐप का होगा व्यापक प्रचार
बैठक में उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों और गुणवत्तापूर्ण उत्पादों के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया गया। मुख्य सचिव ने बीआईएस केयर ऐप के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए।
बताया गया कि ऐप के माध्यम से उपभोक्ता उत्पादों पर अंकित आईएसआई मार्क और लाइसेंस नंबर, इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों के आर-नंबर तथा स्वर्ण आभूषणों पर अंकित एचयूआईडी नंबर की सत्यता की जांच कर सकते हैं। इसके अलावा बीआईएस मानकों की जानकारी लेने, बीआईएस कार्यालयों एवं प्रयोगशालाओं की जानकारी प्राप्त करने तथा नकली आईएसआई मार्क या अन्य अनियमितताओं के संबंध में ऑनलाइन शिकायत भी दर्ज की जा सकती है।
बैठक में प्रमुख सचिव एल. फैनई, बीआईएस के उपमहानिदेशक नॉर्थ दीपक कुमार सिंघला, निदेशक एवं डीएचबीओ हेमंत बी. अदे, अपर सचिव नवनीत पाण्डेय, रुचि मोहन रयाल, झरना कामठान, इंडस्ट्रीज एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के पंकज गुप्ता, सीसीआईआर-सीबीआरआई रुड़की के डॉ. नवल किशोर बंजारा और आईआईटी रुड़की के डॉ. आशुतोष शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *