बेनाम ने चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र में किया जनसंपर्क

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
सतपुली। मंडल मुख्यालय पौड़ी के नगर पालिका अध्यक्ष और पूर्व विधायक यशपाल बेनाम ने चौबट्टाखाल विधानसभा के विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी।
रविवार को यशपाल बेनाम ने एकेश्वर ब्लॉक के मासौ मल्ला, तल्ला, किर्खू, मटियाना, पाटीसैंण, अमोठा, सतपुली आदि स्थानों में जनसंपर्क किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनी। बेनाम ने लोगों को समस्याओं के निराकरण का भरोसा दिया। यशपाल बेनाम ने कहा कि वह पौड़ी से विधायक रहते हुए इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। साथ ही वर्ष 2012 में चौबट्टाखाल से निर्दलीय चुनाव लड़ चुके हैं। ऐसे में क्षेत्र की समस्याओं के निराकरण को पहले से ही सक्रिय रहे हैं। विधानसभा चुनावों से ऐन पहले सक्रिय हुए बेनाम के चौबट्टाखाल से निर्दलीय ताल ठोकने के कयास लगाए जा रहे हैं। पौड़ी नगर पालिका के तीसरी बार अध्यक्ष बने बेनाम वर्ष 2007 में पौड़ी विधानसभा से निर्दलीय विधायक रह चुके हैं। चौबट्टाखाल से खम ठोकने की अटकलों के सवाल पर जबाव देते हुए बेनाम ने कहा कि भाजपा से टिकट मिलने पर ही चुनाव लड़ेंगे। वह भाजपा के समर्पित सिपाही हैं, किसी भी हालत में निर्दलीय चुनाव नहीं लड़ेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *