टीवीएस श्रीचक्र कंपनी गेट पर लगवाया भारतीय मजदूर संघ का झंडा

Spread the love

रुद्रपुर। सिडकुल स्थित टीवीएस श्रीचक्र कंपनी के बाहर भारतीय मजदूर संघ का झंडा लगाए जाने को लेकर चल रहा विवाद आखिरकार समाप्त हो गया। मंगलवार को विधायक शिव अरोरा स्वयं मौके पर पहुंचे और श्रमिकों की मौजूदगी में कंपनी गेट के बाहर भारतीय मजदूर संघ का झंडा स्थापित करवाया। कुछ दिनों पूर्व सिडकुल प्रशासन और कंपनी प्रबंधन ने कंपनी गेट के बाहर यूनियन का झंडा लगाने से रोके जाने और अन्य कंपनियों के बाहर लगे झंडे हटाए जाने पर श्रमिकों में भारी रोष व्याप्त था। मामला विधायक शिव अरोरा के संज्ञान में आने पर उन्होंने 13 मई को मजदूर संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचकर डीएम से मुलाकात की थी। इसके बाद मामले में डीएम ने एडीएम कौस्तुब मिश्रा के नेतृत्व में जांच समिति गठित करने के निर्देश दिए थे। जांच रिपोर्ट आने के बाद मंगलवार को विधायक ने स्वयं मौजूद रहकर टीवीएस श्रीचक्र कंपनी गेट के बाहर भारतीय मजदूर संघ का झंडा स्थापित करवाया। विधायक ने कहा कि श्रमिकों के मान-सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए वह उनके साथ हैं। यहां इस दौरान भारतीय मजदूर संगठन के अध्यक्ष भगवान बिष्ट, उपाध्यक्ष भुवन चंद्र पंत, सतीश कुमार, दीपक जोशी, केशर सिंह, भुवन कंडपाल, पंकज उपाध्याय, अरविंद बिष्ट, तरुण विश्वास, आदेश कुमार, विजय चंदोला, दिगंबर सिंह, देवेंद्र पाल, खीम सिंह, सत्येंद्र गौतम, भोपाल सिंह और दिलजीत सिंह समेत बड़ी संख्या में श्रमिक मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *