जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली कोटद्वार पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे एक ईनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम काफी समय से संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप नेगी ने बताया कि उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के नगीना क्षेत्र के ग्राम टांडा माईदास निवासी अब्दुल रऊफ के खिलाफ कोतवाली कोटद्वार में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। मुकदमा दर्ज होने के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए अपने ठिकाने बदल रहा था। पुलिस ने आरोपी की तलाश में लगातार सुरागरसी और निगरानी की। पुलिस टीम को आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने के बाद उसे बिजनौर जनपद से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी की गिरफ्तारी पर पुलिस की ओर से ईनाम भी घोषित किया गया था। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ दर्ज मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार में संलिप्त और वांछित आरोपियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।