कामकाजी महिलाओं के लिए सुरक्षित आवास की बड़ी पहल

Spread the love

उत्तरी झंडीचौड़ में 3.60 करोड़ की लागत से बन रहा आधुनिक वर्किंग वूमेन हॉस्टल
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : नगर निगम क्षेत्र के उत्तरी झंडीचौड़ मेंं कामकाजी महिलाओं को सुरक्षित, सम्मानजनक और सुविधाजनक आवास उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण निर्माण कार्य किया जा रहा है। बाल विकास विभाग की ओर से करीब 3.60 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक वर्किंग वूमेन हॉस्टल का निर्माण कराया जा रहा है, जो क्षेत्र की महिलाओं के लिए राहत और अवसरों का नया द्वार साबित होगा।
इस हॉस्टल में 28 आधुनिक कमरे बनाए जा रहे हैं, जहां कामकाजी महिलाएं सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण में रह सकेंगी। इसके साथ ही परिसर में 29 शौचालय और बाथरूम की व्यवस्था की गई है, जिससे स्वच्छता और मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित होंगी। महिलाओं की दैनिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए हॉस्टल में सामूहिक भोजन के लिए विशाल डाइनिंग हॉल और आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किचन का निर्माण भी किया जा रहा है। यह व्यवस्था रहने वाली महिलाओं को बेहतर और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने में सहायक होगी। जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल ने बताया कि यह हॉस्टल विशेष रूप से उन महिलाओं के लिए उपयोगी होगा, जो रोजगार, शिक्षा या अन्य कार्यों के लिए शहरों और कस्बों में रहकर अपने भविष्य को संवार रही हैं। सुरक्षित आवास मिलने से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और करियर को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण सहयोग मिलेगा। यह पहल महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है, जिससे क्षेत्र में कामकाजी महिलाओं को बेहतर और सुरक्षित जीवन-पर्यावरण उपलब्ध हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *