जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : पूर्व काबीना मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने भाजपा सरकार के नौ वर्षों के कार्यकाल को पूरी तरह विफल बताते हुए प्रदेश की कानून व्यवस्था और बेरोजगारी के मुद्दे पर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि राज्य में अराजकता का माहौल है और महिलाओं पर अत्याचार की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। विकास के नाम पर सरकार ने जनता को गुमराह किया है।
गुरुवार को कोटद्वार में पत्रकारों से वार्ता करते हुए सुरेंद्र्र ंसह नेगी ने भारतीय जनता पार्टी की सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि अंकिता भंडारी हत्याकांड और चंपावत की घटनाओं में सरकार का रवैया संवेदनहीन रहा। कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी चरम पर पहुंच चुकी है और युवाओं को रोजगार के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है। प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक होने की घटनाओं को युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बताते हुए उन्होंने कहा कि मेहनत से तैयारी करने वाले युवाओं में इससे निराशा और हताशा का माहौल पैदा हो रहा है। नेगी ने आरोप लगाया कि सरकार विकास के नाम पर केवल जनता को गुमराह करने का कार्य कर रही है। पेपर लीक की घटनाओं से युवाओं का मनोबल कमजोर हुआ है। स्कूलों में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की नियुक्तियां नहीं हो रही हैं और अशासकीय विद्यालयों में शिक्षकों की भर्ती पर रोक लगी हुई है, जिससे शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उन्होंने कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र में बढ़ते नशे के प्रचलन पर भी चिंता जताते हुए कहा कि नशा युवाओं के भविष्य को बर्बाद कर रहा है और इसे रोकना शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी है। नगर निगम द्वारा व्यवसायिक कर लगाए जाने का विरोध करते हुए उन्होंने कहा कि जब तक शहर में सीवर, पानी, ड्रेनेज और अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित नहीं की जातीं, तब तक किसी भी प्रकार का टैक्स लगाना जनता के साथ अन्याय होगा। इस मौके पर मीना बछुवाण, गीता नेगी, शंकेश्वर प्रसाद सेमवाल, शूरबीर खेतवाल, विजय नारायण सिंह और डॉ. चंद्रमोहन खर्कवाल सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।