भाजपा मनायेगी सेवा सप्ताह, सेवा ही संगठन कार्यक्रम
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। भारतीय जनता पार्टी आगामी 15 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, पंडित दीन दयाल उपाध्याय की जयन्ती व गांधी जयन्ती को सेवा सप्ताह व सेवा ही संगठन कार्यक्रम के रूप में मनायेगी। इसके लिए पार्टी ने पौड़ी जिले में संयोजक और सह संयोजक नियुक्त कर जिम्मेदारी सौंप दी है।
जिला महामंत्री जंग बहादुर रावत ने कहा कि 17 सितम्बर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, 25 सितम्बर को पंडित दीन दयाल उपाध्याय की जयन्ती और 2 अक्टूबर को गांधी जयन्ती को सेवा सप्ताह एवं सेवा ही संगठन के कार्यक्रम के रूप में मनाया जायेगा। जनपद में जरूरतमंदों की सेवा कार्यकर्ताओं द्वारा की जायेगी। पार्टी विभिन्न सेवा कार्यक्रम चलायेगी। उन्होंने कहा कि वह उक्त कार्यक्रमों के सफल संचालन हेतु सभी 24 मंडलों में प्रवास करेगें। प्रदेश स्तर पर हर कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए संगठन ने संयोजक को जिम्मेदारी सौंपी है। पौड़ी जिले में संयोजक की जिम्मेदारी पूर्व जिला महामंत्री वीरेन्द्र रावत और सह संयोजक की जिम्मेदारी जिला मंत्री पौड़ी नरेन्द्र डंडरियाल, जितेन्द्र रावत को सौंपी है।