रुद्रपुर। भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को नारी शक्ति वंदन अधिनियम का लोकसभा में विरोध करने वाली कांग्रेस व उसके समर्थक दलों के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए जुलूस निकाला। इस दौरान भाजपाइयों ने मुख्य चौक पर कांग्रेस का पुतला फूंका। भाजपा नेताओं ने कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर महिला विरोधी होने का आरोप लगाया। जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्या ने कहा कि महिला विरोधी मानसिकता रखने वाली कांग्रेस के खिलाफ आयोजित जनाक्रोश रैली और पुतला दहन कार्यक्रम में मातृशक्ति ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की। उन्होंने कहा कि यह सशक्त प्रदर्शन स्पष्ट संदेश देता है कि महिलाओं के सम्मान और अधिकारों से कोई समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। कहा कि भाजपा ने हमेशा महिलाओं के आरक्षण का समर्थन किया है। जिन राज्यों में भाजपा की सरकारें हैं, वहां त्रिस्तरीय पंचायत, नगर निकायों और सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस हमेशा से कमजोर वर्गों को अधिकार देने के खिलाफ रही है। जुलूस के बाद मुख्य चौक पर कांग्रेस का पुतला दहन किया गया। इस मौके पर नगर पालिकाध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, पूर्व महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री मोहिनी पोखरिया, जिला महामंत्री रमेश जोशी, जिला उपाध्यक्ष अमित कुमार पांडे, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष विपिन चौहान, मंडल अध्यक्ष जीवन सिंह धामी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।