अल्मोड़ा। जंगल में चारा लेने गई एक महिला के लापता होने के बाद वन विभाग की टीम ने खोजबीन कर उसे सकुशल बरामद कर लिया। घटना से क्षेत्र में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया था। ग्राम भेटुली, पोस्ट अयारपानी निवासी पूजा मंगलवार शाम को जंगल चारा लेने गई थी, लेकिन देर तक घर नहीं लौटी। बुधवार तड़के ग्रामीणों ने इसकी सूचना दी, जिसके बाद परिजनों ने किसी वन्य जीव के हमले की आशंका जताई। सूचना मिलते ही वन क्षेत्राधिकारी बिन्सर मनोज सनवाल के नेतृत्व में टीम गठित कर खोजबीन शुरू की गई। टीम ने ग्रामीणों द्वारा बताए गए क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया। खोजबीन के दौरान महिला को उसके घर से करीब एक किलोमीटर दूर बिन्सर वन्यजीव विहार के कफड़खान बीट क्षेत्र में स्थित एक गुफा से सुबह करीब साढ़े छः बजे सकुशल बरामद कर लिया गया। इसके बाद महिला को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। वन विभाग की त्वरित कार्रवाई पर ग्रामीणों ने सराहना व्यक्त की है।