टिहरी के विद्यालयों में शौचालय निर्माण के लिए बजट जारी

Spread the love

नई टिहरी। टिहरी जिले के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में लंबे समय से बनी शौचालयों की कमी और जर्जर स्थिति अब जल्द दूर होने की उम्मीद जगी है। जिले के 62 विद्यालयों में नए शौचालय निर्माण के लिए शासन स्तर से स्वीकृति मिल गई है। कार्य के लिए कुल दो करोड़ 34 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है जिसके तहत प्रत्येक विद्यालय में एक शौचालय निर्माण पर करीब 3.79 लाख खर्च किए जाएंगे। टिहरी जिले के कई प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में शौचालयों का अभाव बना था। कुछ विद्यालयों में एक ही शौचालय का उपयोग छात्र-छात्राओं को करना पड़ रहा था जिससे छात्राओं को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। स्वच्छता और सुरक्षा के लिहाज से यह स्थिति चिंताजनक बनी थी जिन विद्यालयों में शौचालयों की कमी बनी थी। गत वर्ष शिक्षा निदेशालय की ओर से जिले से सूची मांगी गई थी। लंबे इंतजार के बाद अब जिले के 62 विद्यालयों में नए शौचालय निर्माण की स्वीकृति मिल चुकी है। शिक्षा विभाग की ओर से निर्माण कार्य के लिए स्वीकृत धनराशि कार्यदायी संस्था ग्रामीण निर्माण विभाग को जारी कर दी गई है। अब ग्रामीण निर्माण विभाग टेंडर प्रक्रिया पूरी कर जल्द ही निर्माण कार्य शुरू करेगा। यदि सब कुछ तय समय के अनुसार हुआ तो आगामी जुलाई विद्यालयों में शौचालय निर्माण कार्य पूरा होने की संभावना है। इससे जिले के दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों में पढ़ने वाली छात्राओं को विशेष रूप से राहत मिलेगी।
जिले में 62 विद्यालयों में शौचालय निर्माण के लिए स्वीकृत धनराशि कार्यदायी संस्था को जारी कर दी गई है। टेंडर प्रक्रिया पूरी कर कार्यदायी संस्था निर्माण कार्य शुरू करेगा। निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी विद्यालयों में शौचालय निर्माण पूरा कर छात्र-छात्राओं को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। – पूनम चौहान, प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी (बेसिक) टिहरी ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *