बिग ब्रेकिंग

रायगढ़ में 300 मीटर गहरी खाई में गिरी बस, 13 की मौत- 29 से ज्यादा घायल

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

मुंबई , एजेंसी। महाराष्ट्र के रायगढ़ में शनिवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। यहां के खपोली इलाके में एक बस सड़क से उतरकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में 13 लोगों की मौत हुई है, जबकि 29 से अधिक घायल हुए हैं। इस दुर्घटना के ठीक बाद स्थानीय लोगों ने ही बस में सवार लोगों के बचाव की कोशिशें शुरू कर दीं। बताया गया है कि रेस्क्यू ऑपरेशन अब भी जारी है।
पुलिस के मुताबिक, निजी बस पुणे से मुंबई जा रही थी। मुंबई-पुणे हाईवे पर ही शिंगरोबा मंदिर के पास ही यह नियंत्रण खोकर सड़क से उतरकर 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। बस में 42 के करीब यात्री सवार थे। राहत-बचाव कर्मियों ने सभी घायलों को पास के अस्पताल पहुंचाया।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘बस में मुंबई के गोरेगांव के ‘बाजी प्रभु वादक ग्रुप’ (पारंपरिक संगीत मंडली) के सदस्य सवार थे। वे पुणे जिले के पिंपरी चिंचवड इलाके में एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद गोरेगांव लौट रहे थे। बस शुक्रवार को देर रात करीब एक बजे कार्यक्रम स्थल से रवाना हुई थी। हादसा खंडाला घाट के पास सुबह करीब चार बजकर पचास मिनट पर हुआ।’’ रायगढ़ के पुलिस अधीक्षक (एसपी) सोमनाथ घार्गे ने बताया कि हादसे में हताहत हुए लोग मुंबई के सायन एवं गोरेगांव इलाके और पड़ोसी पालघर जिले के विरार के रहने वाले थे।
उन्होंने बताया कि घायलों को खोपोली ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अतुल जेंडे ने बताया कि हताहतों की उम्र 18 से 25 साल के बीच है। अधिकारियों के मुताबिक, स्थानीय पुलिस का एक दल और ट्रैकर का एक समूह बचाव अभियान में लगा हुआ है। खोपोली शहर मुंबई से लगभग 70 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से इस दुर्घटना को लेकर बात की। शाह ने ट्वीट किया, ‘‘महाराष्ट्र के रायगढ़ में हुआ सड़क हादसा दु:खद है। इस संबंध में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे जी और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस जी से बात हुई।’’ उन्होंने कहा, ‘‘स्थानीय प्रशासन राहत कार्य में जुटा है। मैं मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’’
मुख्यमंत्री शिंदे ने घटना पर दुख जताते हुए प्रत्येक मृतक के परिजन को पांच-पांच लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। उन्होंने बताया कि घायलों में से पांच की हालत गंभीर है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!