सोलानी नदी पुल से गिरी कार, पांच घायल

Spread the love

रुड़की। लक्सर-रुड़की मार्ग पर रविवार को बड़ा हादसा हो गया। लक्सर क्षेत्र से इकबालपुर जा रही ग्रामीणों की कार सोलानी नदी पुल पर अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ते हुए कई फीट नीचे नदी में जा गिरी। हादसे में कार सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस के अनुसार, कार सवार लोग लक्सर क्षेत्र के विभिन्न गांवों के निवासी हैं और इकबालपुर क्षेत्र के कुंजा बहादुरपुर में रिश्तेदारी में जा रहे थे। सोलानी नदी पुल पर पहुंचते ही चालक कार से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद कार रेलिंग तोड़ते हुए नीचे नदी में जा गिरी। हादसे में रचना पत्नी जसवीर, निवासी मुंडाखेड़ा खुर्द, सोनी पत्नी अनिल, निवासी दाबकी महेश्वरी, कोमल पत्नी अमन, निवासी मारकपुर, श्रीकांत पुत्र सुरेश, निवासी बिजना खेड़ी थाना नकुड़ सहारनपुर (यूपी) और अनिल पुत्र राजेंद्र, निवासी दाबकी महेश्वरी घायल हुए हैं। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों और ग्रामीणों ने तुरंत नदी में उतरकर राहत कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद सभी घायलों को क्षतिग्रस्त कार से बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया गया। सूचना मिलते ही एम्बुलेंस और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घायलों को रुड़की के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लक्सर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि सभी घायलों का उपचार चल रहा है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *