शादी से मुकरा प्रेमी, युवती ने घर पहुंच काटा हंगामा

Spread the love

रुड़की। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र की एक कॉलोनी में रविवार को हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। प्रेमी द्वारा शादी से इनकार करने पर युवती उसके घर पहुंच गई और जमकर हंगामा किया। घंटों तक चले विवाद के बाद मामला पंचायत तक पहुंचा। स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप पर दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई। बाद में प्रेमी पक्ष ने शादी का लिखित आश्वासन दिया, जिसके बाद मामला शांत कराया जा सका। जानकारी के अनुसार, कॉलोनी निवासी युवती का पिछले तीन वर्षों से एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों लंबे समय से एक-दूसरे को जानते थे और युवक ने युवती से शादी का वादा भी किया था। आरोप है कि हाल ही में युवती ने शादी की बात की तो युवक अपने वादे से मुकर गया और विवाह करने से इनकार कर दिया। इससे नाराज युवती शुक्रवार शाम अपने परिजनों के साथ युवक के घर पहुंच गई। वहां उसने युवक और उसके परिवार के सामने विरोध जताते हुए हंगामा शुरू कर दिया। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर जमा हो गए। युवती का कहना था कि उसे प्यार में धोखा दिया गया है और वह न्याय मिलने तक वहां से नहीं जाएगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों पक्षों के बीच पंचायत कराई गई। पंचायत में घंटों चली बातचीत के बाद युवक के परिवार ने युवती और उसके परिजनों को शादी का लिखित आश्वासन दिया। शादी की तारीख और अन्य रस्मों को लेकर सहमति बनने के बाद युवती शांत हुई और अपने घर लौट गई। पुलिस का कहना है कि मामले में अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *