जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कोटद्वार पुलिस ने सार्वजनिक वाहनों में महिलाओं से चेन स्नेचिंग की वारदातों को अंजाम देने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरोह में पति, पत्नी, बहन समेत अन्य सदस्य शामिल बताए जा रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो कारें और लाखों रुपये की नकदी बरामद की है, जबकि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 23 जून को भाबर निवासी सतेश्वरी देवी ने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वह उमरावनगर से सिम्मलचौड़ की ओर ऑटो में सफर कर रही थीं। रास्ते में दो महिलाएं भी ऑटो में सवार हुईं और बातचीत में उन्हें उलझाए रखा। सिम्मलचौड़ पहुंचकर जब वह ऑटो से उतरीं तो उनके गले से सोने की चेन गायब मिली। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप नेगी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और सर्विलांस की मदद से पता चला कि दोनों महिलाएं कुछ दूरी पर ऑटो से उतरकर एक कार में सवार होकर फरार हो गई थीं। जांच के आधार पर हरियाणा के फरीदाबाद निवासी विक्रम, उत्तर प्रदेश के मेरठ निवासी सतीश और हरियाणा के रेवाड़ी (धारूहेड़ा) निवासी ज्योति को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे सार्वजनिक वाहनों में महिलाओं को निशाना बनाते थे। बातचीत में उलझाकर दुपट्टे की आड़ में गले से चेन निकाल लेते और तुरंत साथ चल रही कार में रख देते थे, ताकि तलाशी के दौरान उनके पास से चोरी का सामान बरामद न हो। पुलिस के अनुसार, कोटद्वार से चोरी की गई चेन को आरोपितों ने 1.10 लाख रुपये में बेच दिया था। यह राशि भी बरामद कर ली गई है। पुलिस ने बताया कि मामले में सतीश की पत्नी शिल्पी अभी फरार है और उसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। गिरफ्तार ज्योति, सतीश की बहन है। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है।