चमालकोट इंटर कॉलेज को नहीं मिली वित्तीय मंजूरी

Spread the love

रुद्रप्रयाग। मुख्यमंत्री की घोषणा के करीब चार वर्ष बाद भी राज्य आंदोलनकारी राय सिंह बंगारी इंटर कॉलेज चमालकोट-तुनेटा को इंटर स्तर पर वित्तीय स्वीकृति नहीं मिल सकी है। इसका असर अब विद्यालय की छात्रसंख्या पर भी दिखने लगा है। मुख्यमंत्री की घोषणा के समय 11वीं और 12वीं में 105 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत थे। अब संख्या घटकर 39 रह गई है। राज्य आंदोलनकारी राय सिंह बंगारी मसूरी गोलीकांड में शहीद हुए थे। उनके गांव में स्थापित इस विद्यालय को आठ अक्तूबर 2022 को तिलवाड़ा में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने इंटर स्तर पर पूर्ण वित्तीय अनुदान देने की घोषणा की थी। इसके बाद शासन और शिक्षा विभाग स्तर पर पत्राचार भी हुआ लेकिन अब तक वित्तीय स्वीकृति नहीं मिल सकी। वर्तमान में विद्यालय को दसवीं तक राजकीय अनुदान प्राप्त है जबकि इंटर की कक्षाएं बिना वित्तीय सहायता के संचालित हो रही हैं। धनराज बंगारी पूर्व प्रधान संगठन अध्यक्ष रुद्रप्रयाग, हेमंती देवी पूर्व प्रधान, प्रेम लाल पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य, कुलदीप सिंह और मधुसूदन राणा ने बताया कि 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को करीब छह किलोमीटर दूर जखोली या तिलवाड़ा इंटर कॉलेज जाना पड़ता है। उन्होंने जल्द विद्यालय को वित्तीय स्वीकृति देने की मांग की। उधर मुख्य शिक्षा अधिकारी अजय सिंह चौधरी ने बताया कि प्रधानाचार्य से आख्या मांगी गई थी लेकिन अब तक प्राप्त नहीं हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *