जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : भाबर क्षेत्र में आयोजित मालिनी महोत्सव के दूसरे दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों और खेल प्रतियोगिताओं की धूम रही। स्कूली बच्चों, महिला समूहों और स्थानीय कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। महोत्सव में बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति रही, जिससे आयोजन स्थल उत्साह और उमंग से सराबोर नजर आया।
कार्यक्रम का शुभारंभ राज्यमंत्री राजेंद्र अंथवाल, गिरिराज रावत, आशा डबराल ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर अतिथियों ने क्षेत्रवासियों से महोत्सव में अधिक से अधिक सहभागिता करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आधुनिक दौर में लोग मोबाइल और सोशल मीडिया तक सीमित होते जा रहे हैं, जबकि ऐसे आयोजन समाज को जोड़ने और आपसी मेलजोल बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। महोत्सव में बच्चों के लिए कबड्डी सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साह पूर्वक भाग लिया। वहीं सांस्कृतिक संध्या के दौरान कलाकारों ने गढ़वाली, कुमाऊंनी और लोकगीतों पर आकर्षक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। कार्यक्रम संयोजक सौरव नौटियाल ने बताया कि महोत्सव के तहत आगामी दिनों में भी खेलकूद, सांस्कृतिक और मनोरंजक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। महोत्सव में उमड़ी भारी भीड़ और लोगों का उत्साह इस बात का प्रमाण रहा कि ऐसे आयोजन न केवल क्षेत्रीय संस्कृति को बढ़ावा देते हैं, बल्कि समाज को एकजुट करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।