संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात करें : आयुक्त

Spread the love

आयुक्त गढ़वाल मंडल ने की मोहर्रम और फायर सेफ्टी तैयारियों की समीक्षा
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : आयुक्त गढ़वाल मंडल आनंद स्वरूप ने बुधवार को आयुक्त कार्यालय के वीसी कक्ष से गढ़वाल मंडल के जिलाधिकारियों, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों एवं पुलिस अधीक्षकों के साथ वर्चुअल माध्यम से मोहर्रम पर्व की तैयारियों और फायर सेफ्टी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। आयुक्त ने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती करने, ताजिया कमेटियों, धर्मगुरुओं और स्थानीय व्यक्तियों के साथ नियमित समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्व को आपसी भाईचारे और सौहार्द के वातावरण में संपन्न कराया जाए। कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जाए।
मोहर्रम को देखते हुए आयुक्त ने सभी जनपदों में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि देहरादून एवं हरिद्वार जनपदों में विभिन्न स्थानों पर मोहर्रम जुलूस प्रस्तावित है, जबकि टिहरी गढ़वाल में एक स्थान पर जुलूस निकाला जाएगा। बैठक में फायर सेफ्टी व्यवस्थाओं की भी विस्तृत समीक्षा की गई। आयुक्त ने सभी जिलाधिकारियों को होटल, अस्पताल, मॉल, कोचिंग संस्थानों, कार्यालयों एवं अन्य सार्वजनिक प्रतिष्ठानों का फायर सेफ्टी ऑडिट कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अग्नि सुरक्षा मानकों का पूर्ण अनुपालन किया जाए। साथ ही फायर सेफ्टी उपकरणों की नियमित जांच की जाए। आयुक्त ने जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के समन्वय से संभावित अग्निकांड एवं अन्य आपदा स्थितियों से निपटने के लिए मॉक ड्रिल आयोजित करने के निर्देश भी दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *