श्रीनगर गढ़वाल : चारधाम यात्रा मार्ग पर आपातकालीन सेवाओं के खुलेआम दुरुपयोग का मामला सामने आया है। ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर देवप्रयाग के पास सड़क किनारे खड़ी एक एंबुलेंस में मरीजों की जगह कुछ युवक सूटकेस और ट्रैवल बैग लोड करते रहे और उसमें सवार हो गए। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामले में क्षेत्र के पूर्व प्रधान दीपक बेडवाल ने कड़ी आपत्ति जताई और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से शिकायत की। उन्होंने वायरल वीडियो के आधार पर मामले में कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि जहां एक ओर उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में आपातकालीन समय में मरीजों को एंबुलेंस मिलने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है वहीं दूसरी ओर कुछ लोग नियमों को ताक पर रखकर जीवनदायिनी सेवाओं को कमाई का जरिया बना रहे हैं। (एजेंसी)