पिथौरागढ़। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े जनसंघ के संस्थापक सदस्य व भाजपा के वरिष्ठ नेता भीम सिंह रावत का 91 वर्ष की आयु में निधन हो गया। बीते रोज उन्होंने अंतिम सांस ली। रविवार को काली नदी के तट पर उनका अंतिम संस्कार हुआ। उनके निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है। व्यापार मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र थापा के नेतृत्व में व्यापारियों ने गांधी चौक में शोक सभा कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। इधर भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी लोनिवि विश्रामगृह में शोकसभा कर रावत को श्रद्धांजलि दी। ब्लॉक प्रशासक धन सिंह धामी ने शोक जताते हुए कहा कि रावत ने भारतीय जनता पार्टी को सीमावर्ती क्षेत्रों में स्थापित करने में अहम भूमिका निभाई। कहा कि उम्र के इस पड़ाव में भी वह समाज हित में सक्रिय थे। कहा कि उन्होंने अपना पूरा जीवन समाज के लिए समर्पित किया। वर्तमान में वह सरस्वती शिशु मंदिर धारचूला के संस्थापक सदस्य व प्रबंधन समिति के अध्यक्ष भी थे।