कोटद्वार-पौड़ी

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बोले राजनीति में कभी दरवाजे बंद नहीं होते, राष्ट्रीय नेतृत्व जो निर्णय लेगा स्वीकार

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश की जीरों टॉलरेंस की सरकार आकंठ भ्रष्ट्राचार में डूबी हुई है। कोरोना महामारी के दौरान प्रदेश सरकार ने ईमानदारी से अपना दायित्व नहीं निभाया है। आलम यह है कि प्रदेश में कोरोना जांच के लिए टेंस्टिग नहीं हो रही है। जिस कारण कोरोना महामारी के फैलने का खतरा बना हुआ है। पहले से ही कोरोना महामारी से त्रस्त आमजन को मंहगाई की मार झेलनी पड़ रही है। उत्तराखंड में भी कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने वाले नेताओं के लिए पार्टी के दरवाजे खुले हैं। हालांकि उन्हें पार्टी में शामिल करना है या नहीं, यह निर्णय केंद्रीय नेतृत्व की ओर से लिया जाएगा। समस्त कांग्रेस जनों को राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्णय को स्वीकार करना होगा।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने गढ़वाल टाकीज स्थित कांग्रेस कार्यालय में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार वादों के विपरीत काम कर रही है। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने चुनाव जनसभा में उत्तराखण्ड में भाजपा की सरकार आने पर किसानों का ऋण माफ करने की घोषणा की थी, लेकिन प्रदेश की भाजपा सरकार का पौने चार साल का कार्यकाल समाप्त होने के बावजूद भी सरकार ने किसानों का ऋण माफ नहीं किया है। उन्होंने कहा कि एक ओर तो केन्द्र सरकार किसानों की आय दोगुनी करने की बात करती है, वहीं दूसरी ओर केन्द्र सरकार ने किसान विरोधी बिल पारित कर दिया है। उन्होंने कहा कि देश में महगांई चरम पर है। यूपीए सरकार के कार्यकाल में जो सलेण्डर 400 रूपये में मिलता था वह आज 800 रूपये में मिल रहा है। जनता कोरोना महामारी और महगांई से त्रस्त है। देश की अर्थव्यवस्था पटरी से उतरी है, जो थोड़ी बहुत बची है वह किसानों की वजह से है और सरकार ने किसान विरोधी बिल को पारित कर दिया है। इस मौके पर पूर्व मंत्री सुरेन्द्र सिंह नेगी, महापौर श्रीमती हेमलता नेगी, कांग्रेस नेता मनीष खण्डूडी, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डा़ चन्द्रमोहन खरक्वाल, पूर्व महिला आयोग की अध्यक्षा श्रीमती सरोजनी कैंत्यूरा, कांग्रेस महानगर अध्यक्ष संजय मित्तल आदि मौजूद थे।

लोकायुक्त बिल नहीं लाई सरकार
कोटद्वार। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार अपने पौने चार साल के कार्यकाल में लोकायुक्त बिल नहीं ला पाई है, जबकि कांग्रेस ने सदन में लोकायुक्त बिल का समर्थन किया था। सरकार जीरों टॉलरेंस की बात कर रही है, लेकिन जीरों टॉलरेंस कहीं दिखाई नहीं दे रहा है। आलम यह है कि मंत्रियों का विश्वास मुख्यमंत्री पर नहीं है।

श्रम विभाग के घोटलों की जांच की जाय
कोटद्वार। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है। श्रम विभाग में करोड़ों का घोटाला हुआ है। सरकार को श्रम विभाग में हुए घोटालों की जांच करानी चाहिए और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार और शासन में कोई समन्वय नहीं है। राष्ट्रीय राजमार्ग 74 घोटाला हो या लगभग 400 करोड़ का श्रम घोटाला प्रदेश सरकार के पास इन घोटालों का कोई जवाब नहीं है। प्रदेश के मुखिया स्वयं घोटालों के आरोपों में घिरे है।

भाजपा सरकार होर मोर्चे पर विफल
कोटद्वार। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा की प्रदेश सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। प्रदेश की त्रिवेन्द्र सरकार ने पौने चार वर्षों में जनता को पूरी तरह निराश किया है। आने वाले विधानसभा चुनाव में जनता खुद भाजपा को इसका जवाब देगी। देश में महंगाई की मार से आम आदमी परेशान है। राज्य में बेरोजगारी अपने चरम पर है। रोजगार मांगने वालों पर लाठियां बरसाई जा रही है। त्रिवेंद्र सरकार से परेशान प्रदेश की जनता कांग्रेस की ओर आशा भरी निगाह से देख रही है।

तोहफे में दिया विकास प्राधिकरण
कोटद्वार। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश की जनता को तोहफे में जिला विकास प्राधिकरण दिया है। प्राधिकरण के कारण गरीब गौशाला का निर्माण तक नहीं कर पा रहा है। प्राधिकरण के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायत में शामिल किये गये ग्रामीण क्षेत्रों को दस साल तक कर मुक्त रखने की बात सरकार ने कही थी, लेकिन अब सरकार अपनी ही घोषणा से पीछे हट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!