कांग्रेस कोरोना काल में जनता के साथ खड़ी नहीं रही: वीरेन्द्र
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। अध्यक्ष उत्तराखण्ड वन पंचायत सलाहकार परिषद (राज्यमंत्री दर्जा) वीरेन्द्र सिंह बिष्ट ने विपक्ष की भूमिका पर सवाल उठाये। उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी के बड़े नेता कोरोना काल में गरीब जनता के साथ खड़े नहीं दिखाई दिये और ना ही कांग्रेस पार्टी द्वारा गरीब लोगों को राशन वितरण किया गया। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण के दौरान वापस अपने गांव लौटे प्रवासियों को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए प्रदेश सरकार गंभीरता से कार्य कर रही है।
रविवार को प्रेसवार्ता करते हुए दर्जाधारी राज्यमंत्री वीरेन्द्र सिंह बिष्ट ने प्रदेश की वर्तमान भाजपा सरकार के 3 साल पूरे होने पर प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि प्रदेश सरकार राज्य के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। कोविड-19 के दौरान अन्य प्रदेशों से आये लोगों का बेहतर तरीके से स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है। अन्य प्रदेशों से प्रदेश में आने पर पॉजिटिव पाये गये प्रवासियों का उचित उपचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने प्रवासियों के लिए योजनाएं बनाई गई है। प्रवासियों को इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाना चाहिए। सरकार की योजनाओं का लाभ सीधा जनता को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में भ्रष्टाचार के अलावा काम नहीं हुआ। भाजपा के सत्ता में आते ही सबसे पहले भ्रष्टाचार पर रोक लगाई। सरकार का मुख्य उद्देश्य केवल जनता के हितों को लेकर काम करना है। कोरोना संक्रमण के दौरान प्रदेश में ढाई लाख से अधिक प्रवासी अपने गांव लौटे हैं, इन सभी प्रवासियों को दोबारा रोजगार के लिए अन्य शहरों में न जाना पड़े इसके लिए सरकार इन्हें गांव में ही स्वरोजगार से जोड़ने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत सरकार युवाओं को स्वरोजगार के लिए तीस लाख रुपये तक का लोन दे रही है। इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष संपत सिंह रावत, गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष पंडित राजेन्द्र अण्थ्वाल (दर्जाधारी राज्यमंत्री), नगर अध्यक्ष सुनील गोयल, महामंत्री पंकज भाटिया, भाबर मंडल अध्यक्ष चन्द्रमोहन जसोला आदि उपस्थित रहे।