देहरादून। उत्तराखंड में कथित भूमि घोटालों, सरकारी भूमि के संदिग्ध हस्तांतरण और भू-माफिया को संरक्षण दिए जाने के आरोपों को लेकर प्रदेश कांग्रेस सोमवार को सड़क पर उतर आई।प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सचिवालय कूच कर राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।पुलिस ने सचिवालय जाने से पहले ही बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया, जिसके बाद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सड़क पर धरना देकर नारेबाजी की। पुलिस ने कांग्रेस के 50 से अधिक नेताओं को हिरासत में लिया।कांग्रेस भवन से शुरू हुए प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने जल, जंगल और जमीन बचाओ और भू-माफिया पर कार्रवाई करो जैसे नारे लगाते हुए सचिवालय की ओर मार्च किया।कनक चौक के समीप पुलिस द्वारा रोके जाने पर कार्यकर्ता सड़क पर बैठ गए और सरकार के खिलाफ प्रदर्शन जारी रखा। बाद में प्रशासनिक अधिकारियों के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नाम ज्ञापन सौंपा गया। प्रदर्शन के दौरान आयोजित सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि उत्तराखंड जैसे सीमित भौगोलिक संसाधनों वाले राज्य में भूमि और प्राकृतिक संपदा की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए, लेकिन पिछले कुछ वर्षों में भूमि से जुड़े अनेक विवादास्पद मामले सामने आए हैं, जिन्होंने शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।उन्होंने कहा कि हरिद्वार नगर निगम भूमि खरीद प्रकरण में जांच के दौरान अनियमितताओं की पुष्टि और अधिकारियों पर हुई कार्रवाई ने यह साबित कर दिया कि भूमि संबंधी मामलों में व्यापक स्तर पर पारदर्शिता और जवाबदेही की जरूरत है।