चकलुवा में डबल लेन पुल का होगा निर्माण
हल्द्वानी। चकलुवा क्षेत्र में निहाल नदी के ऊपर सिंगल लेन पुल होने के कारण कई बार जाम लग जाता है। यह पुल अब चौड़ा हो जाएगा। इसके लिए प्रस्ताव को स्वीकृति मिल चुकी है। इसके लिए कैबिनेट मंत्री बंशीधर भगत लगातार प्रयासरत रहे। इस प्रस्ताव को उन्होंने मुख्यमंत्री की घोषणा में भी शामिल करवाया था। भगत ने बताया कि लोक निर्माण सचिव की ओर से शासनादेश जारी हो गया। इसके लिए प्रशासनिक व वित्तीय स्वीकृति भी मिल चुकी है। यह क्षेत्रवासियों की लिए बड़ राहत की बात है। विधायक प्रतिनिधि विकास भगत ने बताया कि कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र के तहत 20 लाख रुपये की लागत से लामाचौड़ चौराहे से दक्षिण की ओर दो किलोमीटर मार्ग का नवीनीकरण व 18 लाख रुपये की लागत से चांदनीचौक घुड़दौडा से हरिपुर जमन सिंह तक 2.25 किलोमीअर मार्ग का नवीनीकरण कार्य भी स्वीकृत हो चुका है। जिसमें टेंडर प्रक्रिया गतिमान है, जल्द ही निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। पश्चिमी मंडल अध्यक्ष नवीन भट्ट, कालाढूंगी मंडल अध्यक्ष महेंद्र डिगारी, रामपुर लामाचौड़ के ग्राम प्रधान अजमेर सिंह, लामाचौड़ खास की ग्राम प्रधान परमजीत कौर समेत समस्त ग्रामसभा वासियों ने कैबिनेट मंत्री भगत का आभार व्यक्त किया।