जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : उत्तराखंड विकास समिति ने कंचनपुरी (हल्दूखाता) में प्रस्तावित ट्रेंचिंग ग्राउंड परियोजना को जनहित और शहर के विकास के लिए आवश्यक बताते हुए लोगों से सहयोग की अपील की है। समिति का कहना है कि विकास परक योजनाओं का बिना पूरी जानकारी के विरोध करना उचित नहीं है।
समिति के सह सचिव बृजमोहन ममगांई ने बताया कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था जरूरी है। इसी उद्देश्य से कंचनपुरी में ट्रेंचिंग ग्राउंड का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि समिति के पदाधिकारियों ने चिह्नित स्थल का निरीक्षण कर परियोजना से संबंधित जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि ट्रेंचिंग ग्राउंड का निर्माण आधुनिक तकनीक और सुविधाओं के साथ किया जाएगा। साथ ही परियोजना में पर्यावरणीय मानकों और प्रदूषण नियंत्रण संबंधी सभी नियमों का पूर्ण रूप से पालन किया जाएगा, ताकि स्थानीय लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। समिति ने नगर निगम प्रशासन से आग्रह किया कि परियोजना की तकनीकी जानकारी और पर्यावरणीय पहलुओं को आमजन के समक्ष पारदर्शी तरीके से रखा जाए। इससे लोगों के बीच फैली भ्रांतियां दूर होंगी और परियोजना को लेकर सही जानकारी मिल सकेगी। बृजमोहन ममगांई ने कहा कि क्षेत्र की जनता को जनहित और विकास से जुड़ी योजनाओं में सहयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कुछ लोग परियोजना के सकारात्मक पहलुओं को जाने बिना विरोध कर रहे हैं, जिससे विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इस अवसर पर जानकी बल्लभ मैंदोला, गोपाल कृष्ण बड़थ्वाल और शशिमोहन उनियाल सहित समिति के अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।