जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : लैंसडौन वन प्रभाग से सटे क्षेत्रों में इन दिनों गुलदार की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं। जंगल से लगी सड़कों और आबादी वाले इलाकों में गुलदार के दिखाई देने से लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शाम ढलते ही गुलदार सड़कों पर घूमता नजर आता है, जिससे राहगीरों और ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
हाल ही में सनेह क्षेत्र की कोटड़ीढांग रेंज में घास लेने गई एक महिला पर गुलदार ने हमला कर उसे घायल कर दिया था। वहीं कुछ दिन पूर्व सिद्धबली के निकट ग्रास्टनगंज क्षेत्र में एक पालतू कुत्ते को भी गुलदार ने अपना शिकार बना लिया था। यह घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। इसके अलावा महाविद्यालय रोड पर एक गोवंश पर भी गुलदार के हमले की घटना सामने आ चुकी है। क्षेत्र में गुलदार के घूमने के कई वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहे हैं। लगातार बढ़ती घटनाओं के कारण जंगल से सटे इलाकों में रहने वाले लोग दहशत में जीवन यापन कर रहे हैं। शाम होते ही सड़कों और गलियों में सन्नाटा पसरने लगता है और लोग आवश्यक कार्यों के लिए भी घरों से निकलने से बच रहे हैं। स्थानीय निवासियों ने वन विभाग से गश्त बढ़ाने, संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी मजबूत करने तथा स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था करने की मांग की है। उनका कहना है कि आबादी वाले क्षेत्रों में गुलदार की बढ़ती आवाजाही को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता है। वन विभाग की टीम प्रभावित क्षेत्रों में लगातार गश्त कर रही है, लेकिन ग्रामीणों का मानना है कि खतरा अभी भी बरकरार है। लोगों ने वन विभाग से जल्द ठोस कार्रवाई कर क्षेत्रवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।