कूड़ा निस्तारण की स्थायी व्यवस्था की मांग, पार्षदों ने मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : नगर निगम क्षेत्र में कूड़ा निस्तारण की समस्या के स्थायी समाधान की मांग को लेकर पार्षदों ने नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि वर्तमान में शहर के सभी 40 वार्डों का कूड़ा गाड़ीघाट स्थित अस्थायी कूड़ा निस्तारण केंद्र में डाला जा रहा है, जिससे आसपास के क्षेत्रों में दुर्गंध और पर्यावरणीय समस्याएं बढ़ रही हैं।
मंगलवार को पार्षद जयप्रकाश ध्यानी और अनिल रावत के नेतृत्व में स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने तहसील पहुंचकर प्रभारी तहसीलदार राजेंद्र सनवाल के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया। ज्ञापन में कहा गया कि नगर निगम क्षेत्र के विस्तार और बढ़ती आबादी के चलते मौजूदा कूड़ा निस्तारण व्यवस्था पर अत्यधिक दबाव पड़ रहा है। पार्षदों ने मांग की कि नगर निगम क्षेत्र में वैज्ञानिक तरीके से नए कूड़ा निस्तारण केंद्र स्थापित किए जाएं, ताकि कूड़े के निस्तारण का भार एक ही स्थान पर न पड़े और सभी वार्डों में स्वच्छता व्यवस्था बेहतर ढंग से संचालित हो सके। उनका कहना था कि शहर की जनसंख्या लगातार बढ़ रही है, ऐसे में भविष्य की जरूरतों को देखते हुए अतिरिक्त कूड़ा निस्तारण केंद्रों की स्थापना समय की मांग है। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले समय में कूड़ा प्रबंधन की समस्या और गंभीर रूप ले सकती है। इस अवसर पर पार्षद हिमांशु वर्मा, वीरेंद्र बुड़ाकोटी, दीपक पांडे, अरविंद बनियाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *