जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : राजकीय बेस चिकित्सालय की ओर से 28 जून से 4 जुलाई तक राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान के तहत पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी।
अभियान की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए 25 जून को उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ अभियान की रणनीति और व्यवस्थाओं पर चर्चा की जाएगी। राजकीय बेस चिकित्सालय के प्रमुख अधीक्षक डॉ. विजय सिंह ने बताया कि 27 जून को बूथ कर्मियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि टीकाकरण कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सके। उन्होंने बताया कि 28 जून को विभिन्न बूथों पर पोलियो टीकाकरण कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके बाद 29 जून से 4 जुलाई तक स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगी। स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं और अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।