चिलमुड़ गांव धनारी में बनाई कोविड समिति
उत्तरकाशी। कोरोना संक्रमण का प्रभाव अब गांव में भी तेजी से फैलने लगा है। इसी को देखते हुए स्काउट्स एवं गाइड्स के सदस्यों ने ग्राम सभा चिलमुड़ में कोविड-19 समिति का गठन किया है जो गांव में बाहर से आने वाले लोगों पर नजर रखेगी। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के जिला संगठन आयुक्त युद्धवीर सिंह राणा ने डुंडा ब्लाक के ग्राम सभा चिलमुड़ धनारी में कोविड समिति का गठन किया। उन्होंने कहा कि यह समिति गांव में बाहर से आने वाले लोगों पर यह नजर रखेगी कि वे बुखार तथा खांसी से पीड़ित तो नहीं है। साथ ही गांव में यदि किसी को भी बुखार एवं खांसी की शिकायत होती है तो वह तत्काल अपनी जांच करवाएं और घर में होम क्वारंटाइन रहे। इसके साथ ही समिति के सदस्यों द्वारा गांव में समय-सयम पर सेनेटाइजर का प्रयोग कर कोविड गाइडलाइन का पालन करवाया जाएगा। उन्होंने समिति के सदस्यों को प्रत्येक घर में जाकर लोगों को कोविड-19 के प्रति जागरूक करने व उनकी समस्याओं का समाधान करने की शपथ दिलाई। इस मौके पर ग्राम प्रधान राजेन्द्र सिंह राणा, आशा कार्यकत्री शोभा देवी, आंगनबाड़ी कार्यकत्री रोशनी देवी, युवक मंगल दल के सदस्य गौरव राणा, महिला मंगल दल की सदस्य किंद्रा देवी, स्वयं सहायत समूह सदस्य राजकुमारी, शूरवीर सिंह राणा, ग्राम प्रहरी महेंद्र सिंह राणा, सौरभ आदि मौजूद थे।