नए साल के पहले दिन सिद्धबली बाबा के दर्शन को उमड़ी भीड़

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : नव वर्ष के प्रथम दिन सिद्धबली मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी हुई थी। दोपहर तक श्रद्धालुओं की लाइन पुल तक पहुंच गई थी। श्रद्धलुओं ने बाबा के दर्शन कर अपने परिवार के लिए सुख-शांति की कामना की। सुबह से ही दर्शन को पहुंच रहे भक्तों के कारण मंदिर को जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम की स्थिति भी देखने को मिली। हालांकि पुलिसकर्मी लगातार यातायात व्यवस्था सुधारने में जुटे हुए थे।
बुधवार सुबह से ही श्रद्धालुओं के श्री सिद्धबली मंदिर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। श्री सिद्धबली बाबा के दर्शन करने के लिए श्रद्धालुओं को लाइन में इंतजार करना पड़ा। श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन कर अपने परिवार की खुशहाली की कामना की। इस दौरान श्रद्धालुओं ने मन्नत भी मांगी। साथ ही भंडारे का प्रसाद ग्रहण कर पुण्य भी अर्जित किया। बुधवार को कोटद्वार के साथ ही बिजनौर जनपद से बड़ी तादाद में श्रद्धालु सिद्धबली मंदिर पहुंचे थे। हालांकि, क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से कोहरा छाया हुआ है। लेकिन, श्री सिद्धबली बाबा के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट श्रद्धा ठंड पर हावी नजर आई। सिद्धबली मंदिर दर्शन के बाद बिजनौर जनपद से आए कई पर्यटक दुगड्डा की तरफ घूमने भी गए। इस दौरान उन्होंने दुर्गा देवी मंदिर पहुंच मां दुर्गा के भी दर्शन किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *