श्रीनगर गढ़वाल : चारधाम यात्रा मार्ग पर दुर्घटनाओं की आशंका को कम करने और यात्रियों की सुरक्षा बढ़ाने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) विभाग ने ऋषिकेश से रुद्रप्रयाग के बीच क्रश बैरियर लगाने का कार्य तेज कर दिया है। जिन स्थानों पर अब तक बैरियर नहीं लगे हैं, वहां प्राथमिकता के आधार पर इन्हें लगाया जा रहा है, ताकि दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
एनएच अधिकारियों के अनुसार, चारधाम यात्रा के दौरान इस मार्ग पर वाहनों का दबाव काफी बढ़ जाता है। ऐसे में संवेदनशील और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्थाओं को मजबूत किया जा रहा है। क्रश बैरियर लगने से वाहन चालकों को अतिरिक्त सुरक्षा मिलेगी और दुर्घटनाओं के जोखिम में कमी आएगी। एनएच डिवीजन श्रीनगर के अधिशासी अभियंता राजवीर सिंह चौहान ने बताया कि ऋषिकेश से रुद्रप्रयाग के बीच लगभग 20 किमी. क्षेत्र में बैरियर लगाने का कार्य शेष था। विभाग ने इस दिशा में काम शुरू कर दिया है और इसे जल्द पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी आवश्यक कार्य प्राथमिकता के आधार पर किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि जहां-जहां सड़क किनारे सुरक्षा व्यवस्था कमजोर है या बैरियर क्षतिग्रस्त हैं, वहां नए बैरियर लगाए जा रहे हैं। इसके साथ ही मार्ग की नियमित निगरानी भी की जा रही है ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। (एजेंसी)