राम मंदिर ट्रस्ट के खातों पर रोजाना निगरानी, दैनिक ऑडिट व्यवस्था लागू

Spread the love

अयोध्या, रामनगरी अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने वित्तीय व्यवस्थाओं को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाने की दिशा में बड़ा बदलाव किया है। सूत्रों के अनुसार, अंतरिम महासचिव डॉ. कृष्ण मोहन को ट्रस्ट के खातों की जिम्मेदारी सौंपे जाने के बाद चंदन राय और जगदीश आफले ने सहयोगी के रूप में अकाउंट सिस्टम का संचालन संभाल लिया है। दोनों अधिकारियों ने कामकाज शुरू कर दिया है। वित्तीय प्रक्रियाओं को नई व्यवस्था के तहत संचालित किया जा रहा है। सूत्र बताते हैं कि सबसे बड़ा बदलाव दैनिक ऑडिट (डेली ऑडिट) व्यवस्था के रूप में किया गया है। अब मंदिर में होने वाली आय और व्यय का हर दिन मिलान और ऑडिट किया जा रहा है। पहले नियमित रूप से रोजाना ऑडिट की व्यवस्था नहीं थी, लेकिन नई प्रणाली में प्रत्येक दिन के वित्तीय लेन-देन का उसी दिन सत्यापन और लेखा-जोखा तैयार किया जा रहा है।
दैनिक रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा
नई व्यवस्था के तहत दान, प्रसाद, काउंटरों से होने वाली आय सहित सभी वित्तीय मदों का दैनिक रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है। इसके साथ ही आय-व्यय का मिलान कर संबंधित अभिलेख सुरक्षित रखे जा रहे हैं, ताकि किसी भी स्तर पर पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जा सके।
सूत्रों के अनुसार, ट्रस्ट का उद्देश्य वित्तीय प्रबंधन को पूरी तरह व्यवस्थित, पारदर्शी और आधुनिक बनाना है। इसी कारण अकाउंट सिस्टम में कई प्रक्रियाओं को नए सिरे से लागू किया जा रहा है। चंदन राय और जगदीश आफले इस व्यवस्था के संचालन में डॉ. कृष्ण मोहन के साथ समन्वय कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *