करीब 200 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा, पांच किलोमीटर दौड़ में दिखाया दमखम
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर बलभद्रपुर स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल में ‘रन फॉर डीएवी’ मिनी मैराथन का आयोजन किया गया। करीब पांच किलोमीटर लंबी दौड़ में कक्षा छह से 12 तक के करीब 200 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। जूनियर बालिका वर्ग में रिप्रियांशु सैनी और सीनियर बालिका वर्ग में सृष्टि ने प्रथम स्थान हासिल किया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य नितिन भाटिया ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया। मिनी मैराथन मालवीय उद्यान से शुरू होकर झंडाचौक, तीलू रौतेली चौक, देवी रोड और कोर्ट तिराहे से होते हुए डीएवी पब्लिक स्कूल परिसर में संपन्न हुई। प्रतियोगिता जूनियर और सीनियर वर्ग के बालक-बालिकाओं के लिए अलग-अलग आयोजित की गई। विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि फिल्म अभिनेता वरुण बडोला, प्रधानाचार्य नितिन भाटिया और खेल शिक्षक अजय कुमार व्यास ने विद्यार्थियों को महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन एवं विचारों की जानकारी दी। वरुण बडोला ने कहा कि खेल केवल जीत-हार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इससे अनुशासन, धैर्य, परिश्रम और आत्मविश्वास जैसे गुण विकसित होते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया। जूनियर बालिका वर्ग में रिप्रियांशु सैनी प्रथम, आकृति द्वितीय और इशिता तृतीय रहीं। जूनियर बालक वर्ग में रुद्रांश सिंह बिष्ट प्रथम, जयादित्य वीर सिंह रावत द्वितीय और आयुष्मान रावत तृतीय रहे। सीनियर बालिका वर्ग में सृष्टि प्रथम, श्रुति रावत द्वितीय और आस्था रावत तृतीय रहीं। सीनियर बालक वर्ग में रजत बिष्ट प्रथम, नीलेश द्वितीय और लखवेंद्र तृतीय स्थान पर रहे। कार्यक्रम का संचालन मीनाक्षी भाटिया ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।