जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : सरस्वती शिशु विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, जानकीनगर कोटद्वार में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत के द्वितीय प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा, उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों, आचार्यों एवं कर्मचारियों ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालकर किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज कुकरेती ने दोनों महापुरुषों के जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों का उल्लेख करते हुए उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गांधी जी ने सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, स्वदेशी और आत्मनिर्भरता के माध्यम से समाज एवं राष्ट्र को नई दिशा दी, जबकि लाल बहादुर शास्त्री ने सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रभक्ति का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया। वर्ष 1965 के भारत-पाक युद्ध के दौरान शास्त्री जी का दिया नारा “जय जवान, जय किसान” सैनिकों और किसानों के महत्व को रेखांकित करता है। कार्यक्रम संयोजक शिवराम बडोला के निर्देशन में देशभक्ति गीत, भाषण, कविता एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। विद्यार्थियों को स्वच्छता, अनुशासन, श्रम की गरिमा तथा राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों के निर्वहन के लिए प्रेरित किया गया। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी भूपेंद्र सिंह रावत ने कहा कि वर्तमान समय में गांधी जी और शास्त्री जी के जीवन मूल्यों की प्रासंगिकता और भी बढ़ गई है। विद्यार्थियों को उनके जीवन के बारे में पढ़ने के साथ-साथ उनके आदर्शों को अपने व्यवहार और दैनिक जीवन में भी उतारना चाहिए। प्रधानाचार्य शिशु मंदिर महेंद्र गौड़ ने कहा कि सत्य बोलना, दूसरों का सम्मान करना, स्वच्छता बनाए रखना, कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करना और राष्ट्रहित को सर्र्वोपरि रखना ही इन महापुरुषों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। उप प्रधानाचार्य अनिल कोटनाला ने विद्यार्थियों से गांधी जी के सत्य-अहिंसा तथा शास्त्री जी की सादगी, अनुशासन एवं कर्तव्यनिष्ठा को जीवन में अपनाकर संस्कारवान एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया। कार्यक्रम में परीक्षा प्रभारी आचार्य रोहित बलोदी, राहुल भाटिया, कार्यालय प्रमुख राकेश चमोली, राजन कुमार, मोहन सिंह, सुबोध ध्यानी, आँचल अग्रवाल, मनोज जोशी, प्रयाग दत्त, योगेश नेगी, मधुबाला नौटियाल, संगीता कुकशाल, संगीता रावत, विनीता बिष्ट, नंदिनी नैथानी, पूनम नेगी, साक्षी अग्रवाल, गीता रावत, सुनीता पंत, श्रेया चौधरी, कीर्ति द्विवेदी सहित विद्यालय के विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं समृद्धि की कामना के साथ किया गया।