महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए प्रशिक्षण शुरू

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से भारत विकास परिषद की ओर से गोविंद नगर में कार्यशाला आयोजित की गई। ‘आत्मनिर्भर नारी योजना’ के तहत आयोजित कार्यशाला में महिलाओं को सेवई, चौलाई के लड्डू, बड़ी, पापड़ और मंगोड़ी जैसी खाद्य सामग्री तैयार करने के साथ कपड़ों की सिलाई का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।


कार्यशाला का शुभारंभ विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं का आत्मनिर्भर होना परिवार और समाज दोनों के लिए महत्वपूर्ण है। आर्थिक रूप से सक्षम महिलाएं विषम परिस्थितियों में अपने परिवार का सहारा बन सकती हैं। उन्होंने महिलाओं को सशक्त और स्वावलंबी बनाने के लिए किए जा रहे ऐसे प्रयासों को उपयोगी बताया। परिषद के अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल ने कहा कि समाज के उत्थान के लिए परिषद की ओर से समय-समय पर इस तरह की कार्यशालाएं आयोजित की जाती हैं। महिला संयोजिका बीना मित्तल ने बताया कि योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को विभिन्न घरेलू खाद्य उत्पाद तैयार करने और सिलाई का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के बाद महिलाएं अपने स्तर पर स्वरोजगार शुरू कर आय अर्जित कर सकेंगी। इस अवसर पर भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष विकासदीप मित्तल, प्रांतीय पर्यावरण संयोजिका मीनाक्षी शर्मा, राकेश मित्तल, कोषाध्यक्ष संदीप अग्रवाल, जिला समन्वयक राजदीप माहेश्वरी, सेवकराम मनुजा, गोपाल बंसल, संजय अग्रवाल, राजेंद्र जखमोला, गोपाल कुकरेती, शीला कुकरेती, वीना कुकरेती, निधि गुप्ता, पूनम नैथानी, राजकमल माहेश्वरी, मंजू बड़थ्वाल, सीमा अग्रवाल, संगीता नेगी, संग्राम सिंह भंडारी सहित परिषद के सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *