जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : गोविंद नगर-काशीरामपुर क्षेत्र के निवासियों ने प्राचीन सिंचाई गूल की सफाई एवं मरम्मत की मांग को लेकर सिंचाई सलाहकार समिति, उत्तराखंड सरकार के अध्यक्ष को ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में बताया गया कि क्षेत्र की यह प्राचीन सिंचाई गूल वर्षों से उपेक्षा का शिकार है, जिससे स्थानीय लोगों और किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बताया कि देवीरोड क्षेत्र से होकर गुजरने वाली यह गूल राजकीय इंटर कॉलेज के पूर्वी भाग से होते हुए गोविंद नगर और काशीरामपुर तक सिंचाई जल उपलब्ध कराती रही है। लेकिन लंबे समय से इसकी न तो सफाई हुई है और न ही मरम्मत। गूल में कूड़ा-कचरा, प्लास्टिक और पॉलीथीन जमा होने से जल प्रवाह बाधित हो रहा है। ज्ञापन में कहा गया है कि गूल का पानी कई स्थानों पर फैल रहा है, जिससे बरसात के मौसम में संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। वहीं काशीरामपुर क्षेत्र के बाग-बगीचों और कृषि भूमि तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा है, जिससे खेती-बाड़ी प्रभावित हो रही है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि गूल की शीघ्र सफाई व मरम्मत कराई जाए तथा गूल पर हुए अस्थायी अतिक्रमणों को हटाकर जल प्रवाह को सुचारु बनाया जाए। उनका कहना है कि इससे जल प्रदूषण की समस्या कम होगी और आमजन के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों से भी बचाव हो सकेगा। लोगों ने जनहित में इस ज्वलंत समस्या का जल्द समाधान करने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में रोटरी क्लब के पूर्व अध्यक्ष विजय माहेश्वरी, अरविंद कुमार, हरीश घिल्डियाल, संदीप कुमार आदि मौजूद रहे।